संकल्प यात्रा के दौरान सेवा कार्य कर रहे हैं युवा : बलूनी
वाराणसी से वडनगर और वडनगर से वाराणसी के बीच शुरू की गई थी यात्रा प्रधानमंत्री

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुई भाजपा की वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर सेवा संकल्प बाइक रैली में पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सफाई अभियान, वृक्षारोपण, जन संवाद, भजन गायन और वरिष्ठ नागरिकों की सेवा कर रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक व मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा है कि सोमवार को यात्रा का पांचवां दिन है। इस अभियान में लगभग 1500 सेवा यात्री बाइकर्स अपने रास्ते में कई जगहों पर रुककर अलग-अलग सेवा कर रहे हैं। 17 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक एक बाइक रैली को और दूसरी तरफ वाराणसी से वडनगर के लिए दूसरी बाईक रैली को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
वडनगर प्रधानमंत्री मोदी का जन्मस्थान है, वहीं, वाराणसी उनका लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र है।अनिल बलूनी ने कहा कि 17 सितंबर को एक साथ शुरू की गई ये दो बाइक रैलियां 10 समूहों में युवा चला रहे हैं, जो वडनगर और वाराणसी को जोड़ने वाले 20 अलग-अलग रास्तों से गुजर रहे हैं। इन समूहों में से हर एक में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के 50 से 60 युवा शामिल हैं। बलूनी ने कहा कि यह सेवा यात्री 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों से गुजर रहे हैं। यह यात्रा सिर्फ लोगों तक पहुंचने का जरिया नहीं है, बल्कि सेवा ही संगठन की भावना को जमीनी स्तर पर अमल में लाने का एक राष्ट्रव्यापी संकल्प है। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष हेमांग जोशी ने कहा कि यह सेवा संकल्प यात्रा केवल देश भर की यात्रा नहीं है, बल्कि प्रतिबद्धता, करुणा और सामूहिक जिम्मेदारी की यात्रा है।

