सेवा संकल्प अभियान के तहत होंगे विभिन्न कार्यक्रम
भाजपा ऊधमसिंह नगर में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान में 'आशीर्वाद का दीया', 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प को मान्यता दी जाएगी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर विशेष सेवाएं आयोजित की जाएंगी।
रुद्रपुर, संवाददाता। भाजपा की ओर से ऊधमसिंह नगर में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा, समर्पण और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल के निर्देशन में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा और समर्पण को लेकर विशेष कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों से अपने घर में एक दिया जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आशीर्वाद व्यक्त करने का आह्वान किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में हवन, स्वच्छता अभियान, बीमार एवं जरूरतमंद लोगों को फल वितरण और पौधरोपण समेत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग ने अभियान के लिए नियुक्त कार्यक्रम संयोजक और सह संयोजकों की जानकारी दी। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, सह संयोजक सुनील कुमार यादव, जिला मीडिया संयोजक विजय पाल सिंह तोमर और जिला कार्यालय मंत्री मोर सिंह यादव मौजूद रहे।

