अराजकता फैला कर सत्ता हासिल करना चाहता है विपक्ष - नितिन नवीन
अराजकता फैला कर सत्ता हासिल करना चाहता है विपक्ष - नितिन नवीन-----------------------------------संविधान व जनादेश को अपमानित कर रही है कांग्रेस ----------------------------------------नईदिल्ली। विशेष...

अराजकता फैला कर सत्ता हासिल करना चाहता है विपक्ष - नितिन नवीन---------------------------------- -संविधान व जनादेश को अपमानित कर रही है कांग्रेस
----------------------------------------
नईदिल्ली। विशेष संवाददाता
भाजपा का विपक्ष पर पलटवार
कांग्रेस के सत्ता परिवर्तन (रिजिम चेंज) के आव्हान पर भाजपा ने जोरदार पलटवार करते हुए विपक्ष पर अराजकता फैलाकर किसी भी तरह सत्ता हासिल करने का आरोप लगाया है। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि अब यह साफ है कि यह कुत्सित प्रयास विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने के अर्बन नक्सल एजेंडे का हिस्सा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि कांग्रेस बार बार संविधान व जनादेश को अपमानित कर रही है।
नितिन नवीन ने विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि सत्ता परिवर्तन (रिजिम चेंज) जैसे शब्दों के प्रयोग से विपक्ष का असली एजेंडा देश के सामने स्पष्ट रूप से उजागर हो गया है। विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने का यह कुत्सित प्रयास अर्बन नक्सल के एजेंडे का ही हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की लड़ाई चुनाव सुधार,एसआईआर या देश के युवाओं के भविष्य के लिए नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाकर किसी भी कीमत पर सत्ता हासिल करने के लिए है। नवीन ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से होकर गुजरता है, अराजकता से नहीं। भारत की राष्ट्रभक्त जनता और भारतीय जनता पार्टी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को कभी सफल नहीं होने देंगी।
धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर लगाए आरोप
पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया है कि देशहित, व्यवस्था को ठीक करने के दावे और छात्रों के हितों के नाम पर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन का असली चरित्र अब किसी से छिपा नहीं है। खुले तौर पर सत्ता परिवर्तन (रिजिम चेंज) और बांग्लादेश से प्रेरणा लेने की बात करना स्पष्ट करता है कि यह छात्रों की आड़ में केवल देश में अराजकता फैलाने और राजनीतिक व्यवस्था को अस्थिर करने की सोची-समझी साजिश है। विदेशी ताकतों के दम पर सत्ता का सपना देखने वाले लोग समझ लें कि भारत में सत्ता परिवर्तन केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया से तय होता है। भारत की जनता इस अलोकतांत्रिक सोच को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
राहुल गांधी पर धर्मेंद्र प्रधान की टिप्पणी
प्रधान ने कहा कि हार का शतक लगा चुके लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बार-बार जनता के जनादेश को अपमानित करते हैं। चुनावी प्रक्रिया से मनचाहा परिणाम न मिलने पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने की कांग्रेस की कोशिश और राजनीतिक स्वार्थ के लिए आए दिन जनता को परेशान करना इनका हमेशा से उद्देश्य रहा है। यह उसी लोकतंत्र विरोधी कांग्रेसी मानसिकता को दिखाता है जिसमें देशवासियों के अधिकारों को कुचल दिया गया था। राहुल गांधी का लोकतंत्र के प्रति यह रवैया बेहद शर्मनाक है।
---------------------------


