सेवा संकल्प बाइक यात्रा के समापन पर भाजपा की जनसभा 7 अक्तूबर को
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के प्रशासकीय काल के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को होगा। जनसभा जगतपुर इंटर कॉलेज में होगी, जिसमें भाजपा के विभिन्न नेताओं के द्वारा संबोधन होगा। 500 बाइक यात्री वडनगर से जनसभा का हिस्सा बनेंगे।

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के प्रशासकीय काल के उपलक्ष्य में निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन सात अक्तूबर को विशाल जनसभा के साथ होगा। जगतपुर इंटर कॉलेज में होने वाली जनसभा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं असोम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा संबोधित करेंगे। अभियान की शुरुआत पर वडनगर से चले 500 बाइक यात्री जनसभा का हिस्सा बनेंगे। पार्टी ने जनसभा में 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य बनाया है। इसकी तैयारियों की बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने समीक्षा की। उन्होंने बताया कि वडनगर से चले 500 बाइक यात्री सात अक्तूबर को वाराणसी पहुंचेंगे। उनका स्वागत नमो घाट पर होगा। बाइक यात्री वहीं नमो बुक फेस्टिवल देखेंगे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी 450 से अधिक पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। इसके बाद सभी यात्री क्रूज से ललिता घाट पहुंचेंगे और अपने साथ लाए जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद वे जगतपुर की सभा में शामिल होंगे। क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि जनसभा की तैयारियों के संबंध में जिला और महानगर पदाधिकारियों की बैठक एक अक्तूबर को होंगी। मोर्चों, प्रकोष्ठों, विभागों और मंडलों की बैठकें 2, 3 और 4 अक्टूबर को होंगी.
जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी रहे मौजूद
सर्किट हाउस की बैठक में काबीना मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल और डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल, जिला पंचायत की प्रशासक पूनम मौर्या, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, एमएलसी धर्मेंद्र राय, मनीष कपूर, सुरेंद्र नारायण सिंह औढ़े, नवरतन राठी, अनूप जायसवाल, जगदीश त्रिपाठी, अनिल श्रीवास्तव, अमित राय, विपिन सिंह, देवेंद्र मौर्या, संतोष सोलापुरकर, विनय मौर्य, संजय सोनकर, सुरेश सिंह, अनिल गुप्ता, चंद्रशेखर उपाध्याय, कुसुम पटेल, अजय गुप्ता, राहुल सिंह, अशोक जाटव, रजत जायसवाल, अमन सोनकर, संदीप चौरसिया, अवधेश राय, प्रमिल पांडेय आदि उपस्थित रहे। संचालन क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया और धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया।
भाजपा नेताओं ने किया सभास्थल का निरीक्षण
जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में प्रस्तावित जनसभा स्थल का बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। वहां उन्होंने जनसभा के मंच की स्थिति, ध्वनि व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों और आमजन के आगमन एवं निकासी के मार्ग समेत अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

