उत्तराखंड की पवित्र भूमि से देशभर में जाएगा जीत का संदेश: नितिन नवीन
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि से पूरे देश में जीत का स्पष्ट संदेश जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत होगी। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और कहा कि नारी सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि से पूरे देश में जीत का स्पष्ट संदेश जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि साल 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल कर पार्टी वर्ष 2029 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजय की हैट्रिक का रास्ता साफ करेगी। कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्षी दलों के झूठ और षड्यंत्र की गूंज अब देश में ज्यादा दिन नहीं टिकने वाली है। आज देश का युवा वर्ग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक एक स्वावलंबी और विकसित भारत बनाने का जो सपना देखा गया है, वह देश के युवाओं के सक्रिय सहयोग से ही पूरी तरह साकार होगा। महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति के हकों की बात करते हुएउन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश भर में नारी वंदन अधिनियम को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं की भागीदारी के बिना किसी भी राष्ट्र का विकास अधूरा है, और भाजपा सरकार ने हमेशा मातृशक्ति को प्राथमिकता दी है।
कांग्रेस ने शुद्धीकरण पर विभाजनकारी राजनीतिक रोटियां सेंकी: नितिन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य और देश में शुद्धीकरण के मुद्दों पर विभाजनकारी राजनीतिक रोटियां सेंकी हैं और तुष्टीकरण की राजनीति के जरिए सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का लगातार प्रयास किया है। करीब 33 मिनट के अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्षी दल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने देश की डेमोग्रॉफी को नुकसान पहुंचाया है और हमेशा दलित समाज का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि विरोधी दल समाज को जातियों और वर्गों में बांटकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटे हैं। कहा कि उत्तराखंड के हल्द्वानी से कांग्रेस खेलने का प्रयास कर रही है, इसका मुंहतोड़ जवाब उसे आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता देगी।
‘सरकार या सत्ता की नहीं, विचारधारा की जीत होगी’
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य सरकार के प्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां हमेशा राष्ट्रवाद और विचारधारा की ही जीत होगी। उन्होंने कहा कि इस बार सरकार या सत्ता की नहीं बल्कि विचारधारा की जीत होगी। कहा कि देवभूमि का युवा भाजपा को फिर से सत्ता में लाने के लिए तैयार हैं। वह किसी भी सूरत में भटकने वाला नहीं है।
‘झूठ की गूंज’ नहीं चलने वाली
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस दौरान राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि झूठ की गूंज अब किसी भी हाल में नहीं चलने वाली। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक माहौल बनाकर युवाओं को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है, वह किसी भी सूरत में सफल नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
देवभूमि को बार-बार किया याद
नितिन ने हल्द्वानी पहुंचकर अपने संबोधन में उत्तराखंड को देवभूमि नाम से याद किया। कहा कि देवों की भूमि से ही वह उत्तराखंड में चुनावी शंखनाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पर्यटन के लिहाज से बड़ा केंद्र है। कहा कि प्रदेश में पर्यटन रोजगार के साथ ही लोगों की सामर्थ्य बढ़ा रहा है। इस दौरान मोदी को भी उन्होंने कई बार संबोधित किया।


