वडनगर से वाराणसी जा रही यात्रा आज पहुंचेगी पलामू, भाजपा ने स्वागत की बनाई रूपरेखा
पलामू जिला भाजपा ने 4 अक्तूबर को मेदिनीनगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत यात्रा का स्वागत करने के लिए बैठक की। सांसद विष्णु दयाल राम और विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी और कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की। यात्रा का उद्देश्य सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता के संदेश को फैलाना है।

मेदिनीनगर, संवाददाता। पलामू जिला भाजपा के मेदिनीनगर स्थित कार्यालय में शनिवार को बैठक कर सेवा संकल्प अभियान के तहत 4 अक्तूबर को पलामू पहुंचने वाली यात्रा के स्वागत करने की रूपरेखा बनाई गई। बैठक में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम और डाल्टनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम की तैयारियों पर गहन चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी कर रहे थे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सेवा संकल्प अभियान के तहत 4 अक्तूबर को पलामू पहुंच रही यात्रा का स्वागत करने की अपील की। सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थल वडनगर से कर्मक्षेत्र वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प अभियान की बाइक यात्रा 4 अक्तूबर को पलामू पहुंचेगी।
दुबियाखाड़ में राजा मेदिनी राय की प्रतिमा पर माल्यार्पण और अभिनंदन के बाद यात्रा की शुरुआत होगी। इसके बाद पलामू के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेदिनीनगर पहुंचने पर यात्रा का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा। सांसद ने कहा कि यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने कहा कि अभियान के दौरान सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है ताकि जन-जन तक यात्रा के उद्देश्यों को पहुंचाया जा सके। बैठक में श्याम नारायण दूबे, विपिन बिहारी सिंह, अजय तिवारी, अजय सिंह, दुर्गा जौहरी, पूर्व सांसद मनोज कुमार, नरेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए।


