विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर भाजपा ने की संगोष्ठी
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर रेवेल पैलेस, नामकुम में भाजपा रांची जिला पूर्वी द्वारा संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता यदुनाथ पांडेय ने भारत विभाजन की त्रासदी की याद दिलाते हुए एकता और अखंडता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

नामकुम, संवाददाता। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को रेवेल पैलेस, नामकुम में भाजपा रांची जिला पूर्वी की ओर से संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा रांची जिला पूर्वी के जिलाध्यक्ष विनय कुमार महतो ने की। मुख्य वक्ता पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय रहे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए यदुनाथ पांडेय ने भारत विभाजन की त्रासदी और उस दौरान लाखों लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन और अमानवीय परिस्थितियों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि विभाजन की विभीषिका को याद करना केवल इतिहास को स्मरण करना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूक करना भी है। विभाजन के दौरान असंख्य लोगों ने अपने घर, जमीन और अपनों को खोया। यह भारतीय इतिहास का ऐसा अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने पीड़ितों और बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया。
सदाबहार चौक तक निकला मौन जुलूस:
कार्यक्रम के अंत में सदाबहार चौक तक मौन जुलूस निकाला गया। मौके पर जिला महामंत्री मनोज चौधरी, आरती कुजूर, जिला प्रभारी अशोक शर्मा, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, आरती सिंह, रणधीर कुमार चौधरी, अमरनाथ चौधरी, प्रमोद सिंह, रितेश उरांव, सत्यजीत सिंह, अमित मिश्रा, गोरखनाथ सिंह और अनिरुद्ध पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


