निशिकांत दुबे ने पूर्व वित्त सचिव पर मानहानि का केस किया
भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे ने दिल्ली हाईकोर्ट और पटियाला हाउस अदालत में पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि गर्ग ने एक पॉडकास्ट में दुबे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। दुबे ने मुआवजे और आरोपों को वापस लेने की मांग की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने दिल्ली हाईकोर्ट और पटियाला हाउस अदालत में पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि गर्ग ने एक ‘पॉडकास्ट’ में दुबे के खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी की थी। दुबे ने अपनी याचिका में ऐसे आरोप लगाने पर स्थायी और अनिवार्य रोक लगाने, गर्ग द्वारा माफी मांगने, दो करोड़ रुपये के हर्जाने और कथित मानहानिकारक सामग्री को हटाने का निर्देश देने का अनुरोध किया है। भाजपा नेता ने कहा कि गर्ग ने 17 सितंबर को एक पॉडकास्ट/साक्षात्कार में उनके खिलाफ ‘झूठे’ और ‘दुर्भावनापूर्ण’ आरोप लगाए, जिसे यूट्यूब, फेसबुक और अन्य डिजिटल मंचों पर साझा किया गया।
हाईकोर्ट का रुख करने से पहले दुबे ने 21 सितंबर को गर्ग को कानूनी नोटिस भेजकर कथित मानहानिकारक आरोपों को तत्काल वापस लेने और संबंधित सामग्री हटाने की मांग की थी।


