फालोअप : सड़क हादसे में घायल डिबाई विधायक की हालत में लगातार सुधार
गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में घायल डिबाई के भाजपा विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की हालत में सुधार हो रहा है। एम्स, दिल्ली में उनका इलाज जारी है। उनके भाई केसरी सिंह ने जानकारी दी कि चंद्रपाल अब भोजन कर रहे हैं। डॉक्टर उनकी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और समर्थकों में राहत का माहौल है।

गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए सड़क हादसे में घायल डिबाई के भाजपा विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। दिल्ली स्थित एम्स के आईसीयू में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। विधायक के भाई केसरी सिंह ने मंगलवार को उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रपाल सिंह के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है और वह अब भोजन भी ठीक से ले रहे हैं। केसरी सिंह के अनुसार, मंगलवार को चिकित्सकों की सलाह पर विधायक ने दलिया तथा लिक्विड का सेवन किया। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और उपचार जारी है।
विधायक के स्वास्थ्य में सुधार की खबर मिलने के बाद उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों में भी राहत का माहौल है। समर्थक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।गौरतलब है कि शनिवार को लखनऊ से लौटते समय गंगा एक्सप्रेस-वे पर थाना बीबीनगर क्षेत्र के पोटा कबूलपुर के निकट बारिश का पानी भरा होने के कारण विधायक की फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई थी। हादसे में विधायक चंद्रपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं कार चालक नत्थू सिंह और गनर अमित को भी चोटें आई थीं। हादसे के बाद विधायक को उपचार के लिए दिल्ली एम्स ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

