जेएनयू यौन उत्पीड़न मामले में कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन
-कांग्रेस मुख्यालय घेराव करने जा रहीं भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया-भाजपा कार्यकर्ताओं ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद का पुतला फूंका नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। जेएनयू से...

-कांग्रेस मुख्यालय घेराव करने जा रहीं भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया -भाजपा कार्यकर्ताओं ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद का पुतला फूंका
दिल्ली में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। जेएनयू से छात्राओं के कथित यौन शोषण मामले में प्रोफेसर पद से बर्खास्त हुए मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने के लिए भाजपा की महिला कार्यकर्ता आगे बढ़ीं तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उनको रोकने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी नहीं मानीं, वे बैरिकेड गिराकर व उसे फांद कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगी। इस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। फिर भी प्रदर्शनकारियों नहीं रुके और उन्होंने आरोपी कांग्रेस सांसद का पुतला फूंक डाला। भाजपा महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी इस मामले में चुप्पी साध कर आरोपी सांसद को संरक्षण दे रहे हैं। इस गंभीर आरोप पर कांग्रेस को अपने सांसद को पार्टी से निष्कासित करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से मांगा जवाब
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी ने कहा कि देश की बेटियां न्याय की मांग कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस मामले पर चुप हैं। इनकी खामोशी बता रही है कि ये यौन उत्पीड़न मामले के आरोप के बावजूद अपने सांसद को संरक्षण दे रहे हैं और ऐसे कृत्यों को प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से जवाब मांगते हुए कहा कि यदि उन्हें महिलाओं की सुरक्षा की चिंता है तो उन्हें संबंधित सांसद से इस्तीफा लेकर पार्टी से निष्कासित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय के साथ समझौता नहीं किया जा सकता। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. डी पुंडेशवरी देवी ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सशक्तीकरण की बात करने वाले कांग्रेस नेताओं को इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
सांसदों ने कार्रवाई की मांग दोहराई
नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह हैरानी की बात है कि ‘स्मैश द पैट्रिआर्की’ का नारा देने वाले राहुल गांधी और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व अपने सांसद द्वारा महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर मामले पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए है। पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि जांच समिति की रिपोर्ट पर जेएनयू ने प्रो. अकोईजाम को विश्वविद्यालय से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बावजूद, संबंधित प्रोफेसर कांग्रेस के मौजूदा सांसद हैं। इस मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी सवालों के घेरे में है।
ओडिशा की सांसद संगीता सिंह देव ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर पद पर रहते हुए कांग्रेस सांसद ने छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार किया, इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं के शोषण के मामलों में राजनीतिक दलों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी इस मामले में स्पष्ट रुख अपनाने की अपील की। नागालैंड की सांसद एस फांगनोन कोन्याक ने कहा कि 11 छात्राओं ने अपने प्रोफेसर के कथित उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने का साहस दिखाया है। ऐसे में उन्हें न्याय मिलना चाहिए। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव अलका गुर्जर ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांगते हुए आरोपी सांसद को पार्टी से निष्कासित करने की मांग दोहराई। मणिपुर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष शारदा ने भी कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए और संबंधित सांसद के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगा।
----

