सरकार ने छात्रों को बुरी तरीक़े से ठगने का किया कार्य : राज
देवघर में भाजपा ने छात्रों के समर्थन में आक्रोश रैली निकाली। छात्रों पर हुए एफआईआर को वापस लेने और सीबीआई जांच की मांग की गई। विधायक राज सिन्हा ने हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार और अत्याचार के आरोप लगाए। भाजपा का कहना है कि छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देवघर, प्रतिनिधि। भाजपा द्वारा शुक्रवार को शिवलोक परिसर से देवघर समाहरणालय तक जिलाध्यक्ष सचिन रवानी के नेतृत्व में छात्रों के समर्थन में आक्रोश रैली निकाली गई। इस दौरान छात्रों पर हुए एफआईआर को वापस लेने एवं सीबीआई जांच को लेकर ज्ञापन डीडीसी को सौंपा गया।
रैली का नेतृत्व
आक्रोश रैली में मुख्य रूप से धनबाद विधायक राज सिन्हा, पूर्व मंत्री सह प्रदेश प्रवक्ता रणधीर कुमार सिंह, पूर्व विधायक नारायण दास वं देवघर जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक मौजूद रहे। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वर्तमान ठगबंधन की सरकार ने अब हर सीमा को लांघ कर छात्रों को बुरी तरीक़े से ठगने का कार्य किया है।
सरकार पर आरोप
हेमंत सोरेन सरकार की हिम्मत नहीं हो रही कि घोटाले की जांच सीबीआई से कराई जाए। उन्होंने राज्य में व्याप्त अपराध को सरकार के संरक्षण में चलने वाला सरकारी व्यवसाय बताया। झारखंड में महिलाओं के साथ अत्याचार, भ्रष्टाचार, धांधली व बढ़ती गुंडागर्दी को लेकर भी हेमंत सरकार को खरी-खरी सुनायी।
छात्रों के अधिकार
पूर्व मंत्री सह प्रदेश प्रवक्ता रणधीर कुमार सिंह ने हेमंत सरकार से कहा कि छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रों की लड़ाई भाजपा अंतिम समय तक जारी रखेगी। जब तक हेमंत सोरेन सरकार सीबीआई जांच के लिए अनुशंसा नहीं करती है। भाजपा जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भ्रष्टाचार के आरोप
पहले भी भाजपा छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सरकार से जवाब मांगती रही है और आगे भी इस भ्रष्ट सरकार से लड़ने का कार्य करती रहेगी। वहीं जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि झामुमो के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य की पत्नी के पीए ने जो पैसे लिए, वह किसके कहने पर लिए और जिसके कहने पर लिए वह अभी तक जेल की सलाखों में क्यों नहीं है। इसका मतलब है कि झामुमो के मिलीभगत से घोटाला किया गया है।
मुकदमे वापस लेने की मांग
पूर्व मंत्री प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह मौके पर मुख्य अतिथि सह विधायक राज सिन्हा, पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह, पूर्व विधायक नारायण दास, जिला प्रभारी यदुनंदन पाठक, जिलाध्यक्ष सचिन रवानी व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष आशीष दुबे ने मांग रखी कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस हों। जेपीएससी/जेएसएससी मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच हो। दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो व युवाओं को न्याय और उनका अधिकार मिले। इस अवसर पर संजीव जजवाड़े, विशाखा सिंह, सुनीता सिंह, अभयानंद झा, अधीर चंद्र भैया, पप्पू यादव, पंकज सिंह भदोरिया, विजया सिंह, मुकेश पाठक, सुलोचना देवी, मनोज मिश्रा, अलका सोनी, रवींद्रनाथ तिवारी, संतोष उपाध्याय, नवल राय, दिवाकर गुप्ता, महेश राय, सौरभ कश्यप, बलबीर राय, अमृत मिश्रा, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, प्रवासी और सभी भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


