भाजपा विधायकों ने की राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा विधायकों मुन्ना सिंह चौहान और सहदेव सिंह पुंडीर ने नाराजगी जताई। उन्होंने राहुल गांधी से माफी मांगने और उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष से पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की। विधायकों ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े व्यक्तियों पर जिम्मेदारी से टिप्पणी होनी चाहिए और इस मुद्दे का आगामी चुनावों पर असर पड़ सकता है।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान और सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने अलग-अलग प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी से माफी मांगने और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से इस मामले में पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग की। विकासनगर स्थित कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। उनकी रणनीतिक भूमिका और अनुभव देश की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े व्यक्तियों पर टिप्पणी करते समय जिम्मेदारी बरतनी चाहिए।
चौहान ने राहुल गांधी से उत्तराखंड के लोगों से भी माफी मांगने की मांग की। उधर, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने भी राहुल गांधी की टिप्पणी पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने नेता के बयान पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। दोनों विधायकों ने कहा कि इस मामले का राजनीतिक असर आगामी चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।

