ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशजिनके चलते गई थी राहुल गांधी की सांसदी, भाजपा ने उन्हें दिया इनाम; इस यूटी के प्रभारी बने पूर्णेश मोदी

जिनके चलते गई थी राहुल गांधी की सांसदी, भाजपा ने उन्हें दिया इनाम; इस यूटी के प्रभारी बने पूर्णेश मोदी

गुजरात उच्च न्यायालय ने इससे जुड़े आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी को दोषी करार दिया था और उन्हें दो साल की सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद उनकी संसद की सदस्यता भी चली गई थी।

जिनके चलते गई थी राहुल गांधी की सांसदी, भाजपा ने उन्हें दिया इनाम; इस यूटी के प्रभारी बने पूर्णेश मोदी
Amit Kumarलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीTue, 21 Nov 2023 03:21 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्र शासित प्रदेश दमन, दीव और दादरा और नगर हवेली के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना प्रभारी नियुक्त किया है। भगवा पार्टी ने पूर्णेश मोदी को प्रभारी नियुक्त किया है। ये नियुक्ति कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ उनके आपराधिक मानहानि के मुकदमे के बाद हुई है। इस केस के कारण राहुल गांधी को दोषी ठहराया गया था और लोकसभा सांसद के रूप में कुछ समय के लिए उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

भाजपा की ओर से से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। इसके मुताबिक गुजरात से ही भाजपा के एक अन्य विधायक दुष्यंत पटेल को केंद्र शासित प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। गौरतलब है कि 2022 के गुजरात विधानसभा चुनावों से कुछ महीने पहले पूर्णेश को उनके मंत्रालय से बाहर कर दिया गया था। अब इस नियुक्ति को राहुल गांधी के खिलाफ उनके केस के बदले में "इनाम" कहा जा रहा है।

पूर्णेश मोदी सूरत पश्चिम सीट से विधायक हैं। उन्होंने ही पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मोदी उपनाम संबंधी उनकी एक टिप्पणी को लेकर केस दर्ज कराया था। गुजरात उच्च न्यायालय ने इससे जुड़े आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी को दोषी करार दिया था और उन्हें दो साल की सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद उनकी संसद की सदस्यता भी चली गई थी। हालांकि बाद में राहुल गांधी को उच्चतम न्यायालय से राहत मिली और फिर उनकी लोकसभा सदस्यता बहाल हुई।

पूर्णेश तीन साल के लिए यूटी प्रभारी का पद संभालेंगे और उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक ध्यान आगामी लोकसभा चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा, "मैं स्थानीय टीमों के साथ काम करूंगा और भाजपा के लिए चुनावी लाभ सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर (बूथ स्तर) पर पार्टी को मजबूत करूंगा। हमारा मानना है कि एक मजबूत संगठन के माध्यम से सत्ता हासिल की जा सकती है। मेरा ध्यान बूथ स्तर के राजनीतिक और सूक्ष्म प्रबंधन पर होगा।"

दादरा और नगर हवेली लोकसभा सीट वर्तमान में सात बार के पूर्व सांसद मोहन डेलकर की विधवा कलाबेन डेलकर के पास है। मोहन डेलकर की 2021 में मुंबई के एक होटल में संदिग्ध आत्महत्या से मृत्यु हो गई थी। एक प्रभावशाली आदिवासी नेता डेलकर ने 2019 में निर्दलीय के रूप में सीट जीती थी, लेकिन बाद में वह जद (यू) में चले गए थे। उनकी पत्नी नवंबर 2021 में शिवसेना के टिकट पर सांसद चुनी गईं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें