छात्र आंदोलन : भाजपा नेता हिरासत में,पूछताछ के बाद रिहा
मांडर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं भाजपा नेता सन्नी टोप्पो को रांची पुलिस ने शुक्रवार की रात करीब 12:30 बजे रांची के कोकर स्थित उनके आवास

मांडर, प्रतिनिधि। मांडर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी और भाजपा नेता सन्नी टोप्पो को रांची पुलिस ने शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे कोकर स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। पुलिस उन्हें जेएसएससी-सीजीएल और जेपीएससी पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में शामिल होने के आरोप में पूछताछ के लिए ठाकुरगांव थाना ले गई। रातभर पूछताछ के बाद शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उन्हें रिहा कर दिया गया। रिहाई के बाद भाजपा पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। सन्नी टोप्पो ने कहा कि वह सत्य और अधिकार की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे। छात्रों के हक और अधिकार की लड़ाई में वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने के लिए जेल भी जाना पड़े तो उन्हें इसका कोई गम नहीं है। छात्रों के साथ अन्याय के खिलाफ उनकी आवाज आगे भी बुलंद होती रहेगी।


