जेएमएम के गुंडों ने छात्रों की पिटाई घटना नक्सलवाद की ओर करती है इशारा: विधायक
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। भाजपा नेता सह गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि शुक्रवार को विभिन्न जिलों में पुतला दहन करने वाले छात्रों पर जेएमएम के

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। वरीय भाजपा नेता सह गढ़वा क्षेत्र के विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने शुक्रवार को विभिन्न जिलों में पुतला दहन कर रहे छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट को लेकर झारखंड सरकार पर हमला बोला। पलामू परिसदन में शनिवार को प्रेस वार्ता करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्रों पर जेएमएम कार्यकर्ताओं ने बर्बरतापूर्वक हमला किया। आंदोलनकारी छात्रों हमला नक्सली गतिविधि जैसा दिखा है। घटना ने साबित कर दिया कि मुख्यमंत्री नक्सली हैं। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन हिंसा का कोई स्थान नहीं है।
विधायक ने कहा कि छात्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर रहे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद जेएमएम कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट की। उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक ने 11वीं से 13वीं जेपीएसी और जेएसससी परीक्षाओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितता हुई है। भर्ती परीक्षाओं को लेकर 25 दिनों से चल रहा आंदोलन अब केवल छात्र आंदोलन नहीं, बल्कि जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कैबिनेट के निर्णय के आधार पर परीक्षाएं रद्द कर दीं, लेकिन प्रभावित अभ्यर्थियों के हाईकोर्ट जाने और रोक मिलने की संभावना से सरकार परिचित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में मेधावी छात्रों के हित प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री से भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि छात्र अब शांत बैठने वाले नहीं हैं और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रेस वार्ता में भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री प्रभात भुइयां, जिला महामंत्री विजय ठाकुर, अजय सिंह, शिव कुमार मिश्रा, शुभम प्रसाद और प्रियरंजन पाठक समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।


