बूथ मजबूत करने में जुटें कार्यकर्ता : नवाब सिंह नागर
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की घोषणा का इंतजार न करते हुए बूथ स्तर पर सक्रिय होने को कहा। उन्होंने 2027 में भाजपा की पुनः पूर्ण बहुमत सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

गाजियाबाद, अमन वत्स। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की घोषणा का इंतजार किए बिना अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के परिश्रम से 2027 में भाजपा की दोबारा से पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। ये बातें बुधवार को गोविंदपुरम मंडल की बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहीं। क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यकर्ताओं को बूथ जीता तो चुनाव जीता का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की घोषणा का इंतजार किए बिना अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने का आह्वान किया।
उनका कहना था कि भाजपा की ताकत उसका मजबूत संगठन और बूथ स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने के साथ जनता से निरंतर संवाद करें। उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को भी जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान बैठक में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, मंडल अध्यक्ष गजेंद्र चौहान सहित सेक्टर संयोजक और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।


