केरल में यूडीएफ और एलडीएफ का अंदरूनी गठजोड़ : भाजपा
भाजपा नेता के. सुरेंद्रन ने केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन पर सीएमआरएल मामले में ईडी की जांच में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीना टी. के साथ जुड़े इस मामले में सत्ता पक्ष के कई नेता शामिल हैं। ईडी इस मामले की जांच कर रही है।

नई दिल्ली/ तिरुअनंतपुरम, एजेंसी। वरिष्ठ भाजपा नेता के. सुरेंद्रन ने केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन पर सीएमआरएल मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि केरल में एलडीएफ और यूडीएफ के बीच आंतरिक गठजोड़ है। सुरेंद्रन ने शनिवार को दावा किया कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) धनशोधन मामले में कथित रूप से सत्ताधारी गठबंधन यूडीएफ के कई नेता भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीना टी. से जुड़े इस मामले में इसी वजह से मुख्यमंत्री कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों गठबंधनों से जुड़े दलों के कई नेताओं ने कथित रूप से सीएमआरएल से अवैध भुगतान लिया है।बता
दें कि ईडी वीना टी. को सीएमआरएल की ओर से किए गए 2.78 करोड़ रुपये के भुगतान से जुड़े मामले की जांच कर रही है। यह रकम वीना की कंपनी ‘एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस’ को दी गई थी, जबकि कथित तौर पर इस कंपनी ने सीएमआरएल को किसी तरह की कोई सेवा प्रदान नहीं की। ईडी की जांच में हवाला के जरिये रकम खाड़ी देशों में भेजने की बात भी सामने आई है।


