झामुमो राज में जंगल भी सुरक्षित नहीं: डॉ. दिनेशानंद
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झामुमो सरकार पर राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में कोयला, बालू और पत्थरों की चोरी के साथ-साथ जंगलों में पेड़ों की कटाई भी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री से अवैध लूट रोकने की मांग की गई है।

जमशेदपुर। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने झामुमो सरकार पर राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में नाकाम होने का आरोप लगाया है। मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि पिछले सात साल से राज्य में कोयला, बालू, पत्थर समेत अन्य प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और लूट हो रही है। अब जंगलों से पेड़ों की कटाई भी शुरू हो गई है, जो चिंताजनक है। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया स्थित सांकाभांगा गांव के समीप जंगल में बड़ी संख्या में साल के पेड़ काटे गए। वन विभाग इस कटाई को रोकने में विफल रहा।
राष्ट्रीय राजमार्ग से महज तीन किलोमीटर दूर जंगल में पेड़ कटते रहे, लेकिन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट रोकने और जंगलों में पेड़ों की कटाई तत्काल बंद कराने की मांग की।


