सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कई कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है, जिसमें हर घर में दीप जलाना, चित्रकला प्रतियोगिता, और सेवा यात्रा शामिल हैं।

रातू, प्रतिनिधि। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसे लेकर भाजपा रांची पश्चिमी जिला की ओर से रातू के काठीटांड में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद सह भाजपा राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रही है। अभियान के माध्यम से भाजपा उनकी सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी।
अभियान के उद्देश्य
जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि अभियान के तहत देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 17 सितंबर को शाम सात बजे हर घर में आशीर्वाद का दीप जलाना, बच्चों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत नाट्य प्रस्तुति, आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’, लाभार्थियों की कहानी पर आधारित ‘सेवा की कहानी’ रील सहित अन्य कार्यक्रम शामिल हैं।
सेवा ज्योति कलश यात्रा
बताया गया कि सात अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा निकाली जाएगी। इसके अलावा ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु शिविर’, ‘रंगोली के माध्यम से सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ और ‘इनोवेशन चैलेंज’ सहित कई कार्यक्रम होंगे। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष मुनेश्वर साहू, जिला प्रभारी शशि भूषण भगत, जिला महामंत्री सुधाकर चौबे, अमित गोप, सुबोध साहू, अजय तिवारी, राजेंद्र पांडे सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।


