25 वर्ष के कार्यकाल को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाएगी भाजपा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प यात्रा के 25 वर्षों का जश्न मनाने के लिए भाजपा 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू करेगी। यह 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें स्कूली प्रतियोगिताएं और अन्य कार्यक्रम होंगे। अभियान का अंत 1.25 लाख जन प्रतिनिधियों के सामूहिक वंदे मातरम गाने के साथ होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प यात्रा के 25 वर्ष के कार्यकाल को भाजपा सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होगा। समापन 17 अक्टूबर को होगा। पूरे कार्यक्रम की जानकारी रविवार को भाजपा पटना महानगर के एक दिवसीय कार्यशाला में दी गयी। आशीर्वाद के दीये से अभियान की शुरुआत होगी, जिसका वितरण केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों के बीच किया जाएगा। इसी तरह 25 करोड़ बच्चों के साथ उनके सपनों के भारत विषय पर विभिन्न स्तर पर स्कूलों में अलग-अलग प्रतियोगिताएं होंगी। नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव कार्यक्रम, बदलाव की कहानी के तहत पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत मोदी सरकार की योजनाओं का संकलन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज, राष्ट्रीय रंगोली और 1.25 लाख जन प्रतिनिधियों के सामूहिक वंदे मातरम के गान के साथ इस अभियान का समापन होगा। वार्ड सदस्य से लेकर संसद सदस्य तक कुल मिलाकर 1.25 लाख जन प्रतिनिधि एक साथ वंदे मातरम के सभी छह छंदों का गान कर विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे। कार्यशाला में पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, विधायक रत्नेश कुशवाहा, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर और किरण घई ने अपनी बात कहीं। कार्यशाला बैठक में महापौर सीता साहू, उपमहापौर रेशमी चंद्रवंशी, पूर्व विधायक अरुण सिन्हा, विधान पार्षद अरविंद शर्मा, मृत्युंजय तिवारी, अभिषेक चंद्रवंशी आदि उपस्थित थे।


