सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25वीं वर्षगांठ पर भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जन भागीदारी बढ़ाने के लिए जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। 'आशीर्वाद का दीप' कार्यक्रम में कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवारों को दीप जलाने के लिए प्रेरित करेंगे।
रुद्रपुर, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक परिवारों, युवाओं, महिलाओं व विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ
इसमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के स्वागत संबोधन, दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुआ। संचालन राजेश तिवारी ने किया। मुख्य वक्ता एवं जिला नैनीताल प्रभारी विवेक सक्सेना ने कहा कि अभियान की सफलता बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता की भागीदारी पर निर्भर करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक कार्यक्रमों से आगे बढ़कर प्रत्येक परिवार से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
अभियान के तहत कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम में कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर परिवारों को दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित करेंगे। प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में जनसेवा और राष्ट्रसेवा के प्रति आभार तथा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प का प्रतीक होगा। वहीं, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने के लिए ड्राइंग, भाषण समेत विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विवेक सक्सेना ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य किसी एक संगठन या सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प होना चाहिए। इसके लिए युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अभियान की गतिविधियों की नियमित समीक्षा और समयबद्ध रिपोर्ट संगठन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यशाला में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, रमेश जोशी, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्या, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीपाल राणा, दर्जाधारी उत्तम दत्ता, मोहिनी पोखरियाल, मनजीत सिंह नामधारी, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, राकेश सिंह, मीना शर्मा, वेद ठुकराल, नीता सक्सेना, विपिन सिंह, राजेश बजाज, हारून मलिक, धीरेंद्र मिश्रा, स्वाति शर्मा, पिंकी चतुर्वेदी, ममता त्रिपाठी, सुनील ठुकराल, मयंक तिवारी रहे।

