भाजपा के सेवा संकल्प अभियान में होंगे 13 तरह के कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा के उपलक्ष्य में भाजपा पूर्वी जिला सेवा संकल्प अभियान का आयोजन करेगी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें जागरूकता कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, एवं पौधारोपण शामिल हैं।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के समर्पित, निष्कलंक एवं ऐतिहासिक सेवा काल के उपलक्ष्य में भाजपा पूर्वी जिला सेवा संकल्प अभियान का आयोजन करेगी। यह अभियान को 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगगा। जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि अभियान को लेकर महामंत्री मनोज तिवारी को संयोजक और उपाध्यक्ष सुरेश कुमार व किसान मोर्चा के पंकज सिंह को सह संयोजक मनोनीत किया गया है।बिहार भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सह विधायक मनोज शर्मा, पूर्व मंत्री रामसूरत राय एवं जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि इस अभियान के तहत केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों को आम जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर इसकी जानकारी लोगों को देंगे। साथ ही बड़े पैमाने पर रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। कुल 13 तरह के कार्यक्रम महीने भर के दौरान चलाए जाएंगे।


