भाजपा चलाएगी एक माह का सेवा संकल्प अभियान
फोटो ट्रैक पर है जमशेदपुर, मुख्य संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके 25 वर्ष के जनसेवा कार्यों के उपलक्ष्य में भाजपा जमशेदपुर महानगर 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। रविवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री सह पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम सात बजे आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। इसके तहत लोग अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। दो अक्तूबर को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 17 सितंबर से सात अक्तूबर तक विद्यालयों में मेरे सपनों का भारत के तहत चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी।
अभियान में नमो सेवा : अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी और सेवा ज्योति कलश यात्रा समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लाभार्थियों की सफलता की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी तथा आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि शहर में 14 प्रमुख सेवा कार्यक्रम होंगे। उन्होंने जमशेदपुरवासियों से 17 सितंबर की शाम सात बजे आशीर्वाद का दीया जलाकर विकसित भारत @2047 के संकल्प से जुड़ने की अपील की। प्रेस वार्ता में राजीव सिंह, प्रेम कुमार झा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


