एसआईआर पर कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ शोर पर भगत का पलटवार
कांग्रेस द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग के बीच, भाजपा ने हमला तेज कर दिया है। भाजपा नेता बंशीधर भगत ने कहा कि कांग्रेस अपनी हार के कारण संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर रही है। उन्होंने मतदाता सूची सुधार को आवश्यक बताया।

बृजेंद्र मेहता, हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर कांग्रेस के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग के बीच भाजपा ने हमला तेज कर दिया है। कालाढूंगी विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बंशीधर भगत ने कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस अब संवैधानिक संस्थाओं को ही कटघरे में खड़ा कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कोई राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि चुनाव व्यवस्था को शुद्ध करने की संवैधानिक प्रक्रिया है। भगत ने कहा कि कांग्रेस को एसआईआर पर आपत्ति है तो वह प्रमाण और दस्तावेज के साथ निर्वाचन आयोग के सामने रखे।
सड़क पर प्रदर्शन और ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाने से मतदाता सूची की खामियां दूर नहीं होंगी। उन्होंने दावा किया कि पुनरीक्षण में 2.8 करोड़ मृतक, 6.3 करोड़ स्थानांतरित, एक करोड़ दोहराव और तीन करोड़ अनुपस्थित नाम सामने आए हैं। हालांकि ये आंकड़े भगत के दावे हैं, इनकी स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है।उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एसआईआर गलत है तो कांग्रेस शासित राज्यों में भी यही प्रक्रिया क्यों सवालों के घेरे में है। भगत ने कहा कि पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में रहना जितना जरूरी है, उतना ही मृतक, स्थानांतरित और दोहराव वाले नाम हटाना भी निष्पक्ष चुनाव की शर्त है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आयोग पर अविश्वास जताने के बजाय उसे जनता के बीच अपने काम और नीतियों का हिसाब देना चाहिए। भाजपा संविधान, लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था में पूरा विश्वास रखती है।


