शिक्षक सम्मेलन में भाजपा ने भरी एमएलसी चुनाव की हुंकार
संबल में भारतीय जनता पार्टी ने बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए एक सम्मेलन का आयोजन किया। कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने शिक्षकों के योगदान की सराहना की और भाजपा के उम्मीदवार हरि सिंह ढिल्लों का समर्थन मांगा। चुनावी रणनीतियों पर भी चर्चा हुई।

संभल, संवाददाता। आगामी बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को संभल के कुरकावली स्थित एके रिसोर्ट में प्रबंधक-शिक्षक सम्मेलन आयोजित कर चुनावी माहौल को धार दी। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह मुख्य अतिथि तथा माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षक और विद्यालय प्रबंधक समाज व राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाले शिल्पकार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा शिक्षकों और प्रबुद्ध वर्ग के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रही है। उनका दावा था कि बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हरि सिंह ढिल्लों को शिक्षकों और मतदाताओं का व्यापक समर्थन मिलेगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुए हैं। नकलविहीन परीक्षाओं, पारदर्शी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा के स्तर में सुधार जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक समाज इस चुनाव में भाजपा का समर्थन कर विपक्ष के दावों का लोकतांत्रिक जवाब देगा। कार्यक्रम के दौरान चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह एवं संचालन जिला महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया। इस दौरान एमएलसी व प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, डॉ. अनामिका यादव, भीष्म शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, परमेश्वर लाल सैनी, सुधीर मल्होत्रा, मनोज कठेरिया, हरिओम शर्मा, शिल्पी गुप्ता, योगेन्द्र त्यागी, प्रभात शर्मा, अवधेश प्रताप, खिलेंद्र सिंह, मंजू दिलेर आदि मौजूद रहे।


