भाजपा ने विवाद पर विधायक व मंडल अध्यक्ष से मांगा स्पष्टीकरण
भाजपा के मुंडका विधायक और कंझावला मंडल अध्यक्ष के बीच विवाद ने पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है। विपक्ष लगातार भाजपा पर निशाना साध रहा है। भाजपा ने दोनों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। भाजपा के लिए मुंडका विधायक और कंझावला मंडल अध्यक्ष के बीच विवाद ने मुसीबत खड़ी कर दी है। इसे लेकर विपक्ष लगातार भाजपा पर निशाना साध रहा है। इसे देखते हुए भाजपा ने दोनों को नोटिस देकर बुधवार तक प्रदेश अनुशासन समिति के समक्ष स्पष्टीकरण सौंपने को कहा है। इन दोनों के जवाब के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मुंडका विधायक गजेंद्र दराल और कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार के बीच विवाद सोशल मीडिया की सुर्खियां बना हुआ है। वीडियो में मारपीट व आपत्तिजनक शब्दों का आरोप लगाया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पार्टी की ओर से प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी विष्णु मित्तल ने नोटिस जारी कर दोनों से घटना पर लिखित जवाब मांगा है。
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व इस घटना को लेकर काफी संजीदा है। क्षेत्रीय सांसद और जिलाध्यक्ष से बातचीत के बाद विधायक गजेंद्र दराल और मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार को अलग-अलग नोटिस देकर बुधवार दोपहर 3 बजे तक प्रदेश अनुशासन समिति के समक्ष अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्यवाही तय होगी। मल्होत्रा ने स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों को कानूनी कार्रवाई का सहारा लेने की पूरी स्वतंत्रता है।
------


