एसआईआर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया : भाजपा
कांग्रेस की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त पर आरोपों के जवाब में भाजपा ने कहा है कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संस्था है। भाजपा नेताओं ने मतदाता जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की, और इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में त्रुटियों को ठीक करना है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए जा रहे आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। बुधवार को जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी और भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और किसी राजनीतिक दल का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है और झारखंड में भी इसकी प्रक्रिया चल रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज ने कहा कि एसआईआर के दौरान कुछ लोगों को नोटिस मिल रहे हैं, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
नोटिस मिलने पर संबंधित व्यक्ति आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराकर अपना पक्ष रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखना और गलत अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को दुरुस्त करना है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेताओं पर लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए मतदाताओं से आयोग की ओर से मांगी गई जानकारी और दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की अपील की। मौके पर जयदेव राय, रामलाल सोरेन, मुकेश राय, विभीषण सिंह चौधरी, भानु सिंह और विनय कुमार समेत अन्य मौजूद थे।


