भाजपा की नए चेहरों पर दांव से सामाजिक समीकरणों साधने की कोशिश
भाजपा की नए चेहरों पर दांव से सामाजिक समीकरणों साधने की कोशिश ----------------------------------------उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में किसी सांसद को नहीं दिया फिर से मौका-विधानसभा चुनावों से पहले...

भाजपा की नए चेहरों पर दांव से सामाजिक समीकरणों साधने की कोशिश --------------------------------------- -उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में किसी सांसद को नहीं दिया फिर से मौका
भाजपा की नई रणनीति
-विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक बिसात पर कोर वोट बैंक पर नजर
---------------------------------
नईदिल्ली। विशेष संवाददाता
उत्तर प्रदेश प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में भाजपा ने न केवल अपने चेहरों को बदला है, बल्कि सामाजिक व क्षेत्रीय संतुलन के जरिए अपने कोर समर्थक वर्ग को संदेश देने की भी कोशिश की है। पार्टी ने कार्यकाल पूरा कर रहे किसी भी सांसदो को फिर से मौका नहीं दिया है, इनमें को केंद्रीय मंत्री भी है, वहीं नए चेहरों में एक प्रदेश सरकार के मंत्री व दो प्रदेश संगठन के पदाधिकारी शामिल है। जिन नेताओं को फिर से मौका नहीं दिया गया है, उनमें कुछ विधानसभा चुनाव भी लड़ सकते हैं।
चुनाव की तैयारी
भाजपा नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश की दस राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव के लिए अपने आठ उम्मीदवार तय कर दिए हैं। विपक्षी सपा ने भी दो उम्मीदवार उतारे हैं। ऐसे में अगर कोई और उम्मीदवार नहीं आता है तो सभी निर्विरोध चुने जाएंगे,लेकिन यदि सपा एक और उम्मीदवार उतारती है तो चुनाव होंगे और राजनीतिक जोड़तोड़ तेज होगी। मंगलवार को नामांकन की आखिरी तारीख है।
भाजपा ने कार्यकाल पूरा कर रहे आठ सांसदों (एक दिनेश शर्मा उप राज्यपाल बनाए जा चुके हैं) में किसी को भी फिर से नहीं उतारा है। यानी सभी चेहरे नए हैं। उम्मीदवारों के चयन में क्षेत्रीय संतुलन के साथ सामाजिक समीकरणों पर नजर रही है। यह फैसला प्रदेश में सांगठनिक व राजनीतिक संतुलन बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। यब सूची आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के दीर्घकालिक रोडमैप का शुरुआती खाका मानी जा रही है। इसमें पार्टी ने अपने कोर वोट बैंक के साथ-साथ पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को साधे रखना प्रमुख है।
उम्मीदवारों की नियुक्ति
पार्टी के आठ उम्मीदवारों में तीन पिछड़ा, दो दलित व तीन सामान्य वर्ग से हैं। इनमें दो महिलाएं भी हैं। धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल और श्रुति गंगवार के जरिए पिछड़ा वर्ग, प्रियंका रावत व विद्यासागर सोनकर के जरिए दलित व राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडेय के जरिए ब्राह्मण प्रतिनिधित्व को संतुलित किया गया है। बृजलाल का कार्यकाल खत्म होने के बाद सोनकर को लाना दलित और पूर्वांचल समीकरण दोनों साधता है। वह सैदपुर (अनुसूचित जाति) से पूर्व लोकसभा सांसद, पूर्व एमएलसी हैं। वह प्रदेश भाजपा के महासचिव के रूप में भी काम कर चुके हैं, जबकि प्रियंका सिंह रावत बाराबंकी की पूर्व लोकसभा सांसद हैं। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के बड़े नेता पी एल पुनिया को हराया था।
धर्मपाल सिंह मौजूदा योगी सरकार में मंत्री हैं। ऐसे में उनका राज्यसभा प्रत्याशी बनाया जाना सिर्फ विधानसभा से उच्च सदन की ओर बदलाव नहीं,बल्कि लंबे प्रशासनिक और विधायी अनुभव वाले नेता को राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका देने के फैसले के तौर पर भी देखा जा रहा है। उन्हें बरेली मंडल में लोधी समाज के प्रमुख भाजपा नेताओं में माना जाता है। प्रकाश पाल भाजपा के संगठनात्मक नेता और पार्टी के उत्तर प्रदेश ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष हैं। इससे पहले प्रकाश पाल कानपुर-बुंदेलखंड संगठनात्मक क्षेत्र का नेतृत्व कर चुके हैं।
श्रुति गंगवार पूर्व केंद्रीय मंत्री और बरेली से 8 बार के सांसद रहे व झारखंड के वर्तमान राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी हैं। एक मजबूत राजनीतिक घराने में पली-बढ़ीं श्रुति लंबे समय से जनसेवा और पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रही हैं। इसके अलावा वह बरेली के अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष के रूप में भी अपनी प्रशासनिक क्षमताएं दिखा चुकी हैं।
राम प्रताप सिंह चौहान राजपूत समुदाय से आते हैं और राज्य भाजपा के महासचिव व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी भी हैं। यानी पार्टी ने संगठन में सक्रिय नेता को संसद में भेजने का फैसला किया है। राधाकांत ओझा वकील हैं और इलाहाबाद हाई कोर्ट की बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे हैं। गोपी कृष्ण पांडेय पार्टी के किसान मोर्चा से जुड़े रहे हैं और कई राज्यों में किसान मोर्चा के प्रभारी रह चुके हैं। राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडेय को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने से आम लोगों को तो हैरानी हुई है,भाजपा के भीतर भी यह चौंकाने वाली खबर रही।
क्षेत्रवार देखा जाए तो रुहेलखंड से धरमपाल सिंह और श्रुति गंगवार,अवध क्षेत्र से प्रियंका सिंह रावत, कानपुर-बुंदेलखंड पट्टी से प्रकाश पाल, गोपीकृष्ण पांडे, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से राम प्रताप सिंह चौहान और पूर्वांचल से विद्यासागर सोनकर और राधाकांत ओझा के नाम हैं।
---------------------

