उत्सव की तरह मनेगा पीएम नरेंद्र मोदी का जन्मदिन : आदित्य साहू
एक माह तक चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी, 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पुनः दोहराया जाएगा

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन को भाजपा उत्सव के रूप में मनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा करते हुए इस दौरान एक माह तक चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस विशेष अवसर पर 17 सितम्बर को राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद के दीप जलेंगे। प्रत्येक सांगठनिक मंडल का एक गांव पूर्णरूपेण सजाया जायेगा और सभी गांव के हर घर दीप से प्रज्ज्वलित होंगे।
सेवा के 25 साल 25 कहानियां कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी के सामाजिक जीवन के 25 साल पर 25 कहानियां लिखकर उनके सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। भाजपा के इन सभी सेवा अभियानों का अंतिम लक्ष्य प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पुनः दोहराया जाएगा।आदित्य साहू ने कहा कि आजादी के बाद देश में कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन किसी सरकार ने गरीब, शोषित, वंचित लोगों की चिंता नहीं की। चुनाव के वक्त वादें करते थे और चुनाव बाद भूल जाते थे। लेकिन 2014 के बाद जब से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से लेकर अब तक गरीब, शोषित, वंचित, किसान, मजदूर के कल्याण के लिए कई योजनाएं बनाई गईं और उन योजनाओं से देश में क्रांतिकारी बदलाव हुए। प्रधानमंत्री ने गांव के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की चिंता की। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह एवं मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।


