डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर दी श्रद्धाजंलि
देवबंद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला संयोजक दीपकराज सिंघल ने कार्यकर्ताओं को उनके दिखाएं मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। मुखर्जी का भारतीय राजनीति और शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

देवबंद, संवाददाता। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वी जयंती पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया गया। सोमवार को इंडस्ट्रियल इस्टेट में कार्यक्रम में भाजपा स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक दीपकराज सिंघल ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय राजनीति और शिक्षा जगत के ऐसे व्यक्तित्व थे जिन्होंने अपने विचारों और कार्यों से देश के विकास में महत्तवपूर्ण योगदान दिया। स्वतंत्र भारत की पहली केंद्रीय सरकार में उन्होंने उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में कार्य किया। बाद में 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की और राष्ट्रीय एकता, लोकतंत्र तथा देश की अखंडता के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की।
सिंघल ने कार्यकर्ताओं से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के दिखाए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अश्वनी मित्तल, कुणाल गिरधर, रविंद्र चौधरी और अनुपम वशिष्ठ ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान सुधीर गर्ग, अनुज गर्ग, निखिल जैन, अरुण सिंघल, हिमांशु मित्तल और शिवम सिंघल आदि मौजूद रहे।


