आठवां वेतनमान देकर अगला चुनाव लड़ने जाएंगे : मंत्री
मुजफ्फरपुर में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी प्रो. नरेंद्र प्रसाद सिंह की नामांकन सभा हुई। मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने अगले विधानसभा चुनाव में शिक्षकों की जिम्मेदारी लेने का आग्रह किया। वित्त रहित शिक्षकों के मुद्दे और शिक्षा में सुधार पर चर्चा हुई। मंत्रीगण और पार्टी के नेता उपस्थित रहे।

मुजफ्फरपुर, वसं। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी प्रो. नरेंद्र प्रसाद सिंह की नामांकन सभा गुरुवार को जूरन छपरा स्थित एक होटल में हुई। इसमें सूबे के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री सह मुजफ्फरपुर के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों को वर्तमान में सातवां वेतनमान दे रही है। वे आठवां वेतनमान देकर ही अगले विधानसभा चुनाव लड़ने जाएंगे।उन्होंने सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि वे कम से कम दस मतदाताओं की जिम्मेदारी लें। सभी लोग अगले 20 दिनों तक चुनाव प्रचार में पूरी तत्परता से में जुट जाएं तो एनडीए प्रत्याशी की जीत बड़े अंतर से हो सकती है।
उन्होंने कहा कि तिरहुत के विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, शिक्षक और छात्र-छात्राओं के हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने की जरूरत है। वहीं, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों से एनडीए प्रत्याशी को सदन भेजने की अपील की। कार्यक्रम में वित्त रहित शिक्षकों के भुगतान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया गया। केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण निषाद ने कहा कि शिक्षक और शिक्षा समाज व राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। वहीं, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने एनडीए शासन में शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए शिक्षकों से समर्थन की अपील की। प्रत्याशी प्रो. नरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि शिक्षक मतदाताओं के आशीर्वाद और सहयोग के बिना उनकी लड़ाई अधूरी है। सभा की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा ने की। संचालन भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार और धन्यवाद लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष चुलबुल शाही ने किया। सभा में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पिछड़ा-अतिपिछड़ा कल्याण मंत्री रमा निषाद, एमएलसी रेखा कुमारी, मीडिया प्रभारी प्रभात मालाकार समेत अन्य मौजूद थे।

