कांग्रेस गलत जानकारी फैला रही : भाजपा
भाजपा ने कांग्रेस पर यूपीआई लेनदेन पर शुल्क के बारे में भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि सरकार ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों पर व्यापार रियायत दर (एमडीआर) चार्ज नहीं लगाया जाएगा। 96 प्रतिशत यूपीआई मर्चेंट लेनदेन चार्ज-फ्री होंगे।

नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस पर यूपीआई लेनदेन पर शुल्क के बारे में गलत जानकारी फैलाने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि सरकार ने यह बिल्कुल साफ कर दिया है कि ग्राहकों पर व्यापार रियायत दर (एमडीआर) चार्ज नहीं लगाया जाएगा। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए विपक्षी पार्टी को झूठ की दुकान कहा। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस एक बार फिर गलत जानकारी फैला रही है। 96 प्रतिशत यूपीआई मर्चेंट लेनदेन 2,000 रुपये या उससे कम के होते हैं और वे 100 प्रतिशत चार्ज-फ्री हैं। रूपे डेबिट-कार्ड से पेमेंट चार्ज-फ्री रहेंगे।
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार ने बिल्कुल साफ कर दिया है कि ग्राहकों पर एमडीआर चार्ज नहीं लगाया जाएगा। कांग्रेस के दावों को पूरी तरह से गलत बताते हुए भाजपा नेता अमित मालवीय ने कहा कि ऐसा कोई सरकारी आदेश नहीं है, जिसमें कहा गया हो कि 5,000 रुपये के पेमेंट पर 25 रुपये या 10,000 रुपये के पेमेंट पर 50 रुपये का चार्ज लगेगा। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यूपीआई यूजर्स पर कोई चार्ज नहीं लगाया जा रहा है। व्यक्ति से व्यक्ति यूपीआई लेनदेन मुफ्त बने हुए हैं, चाहे रकम कितनी भी हो।


