छात्रों की गूंज पैकेज::::::भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस ने इन्फ्लुएंसर को पैसे दिए : भाजपा
--कांग्रेस बोली-राहुल गांधी से घबरा रही है सत्तारूढ़ पार्टी --कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश

मुंबई, एजेंसी। भाजपा ने पुणे में छात्रों से जुड़े राहुल गांधी के कार्यक्रम को ‘पैसे की गूंज’ करार देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भीड़ जुटाने के लिए कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को पैसे दिए हैं। भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि प्रत्येक इन्फ्लुएंसर को 35,000 रुपये तक दिए गए और कांग्रेस ने इस पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। बन ने कहा कि यह पैसा कहां से आया? इसे कौन दे रहा है और यह किसके जरिए बांटा जा रहा है? इस पैसे का आधिकारिक हिसाब क्या है? भाजपा प्रवक्ता ने इस धन के स्रोत की विस्तृत जांच की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसका कोई संबंध विदेशी वित्त पोषण या कांग्रेस शासित राज्यों में ठेकों, कमीशन अथवा अन्य वित्तीय लेन-देन के जरिए कथित तौर पर जुटाए गए धन से है? भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष केशव उपाध्याय ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का पुणे कार्यक्रम छात्रों के मुद्दों का इस्तेमाल कर एक राजनीतिक मंच तैयार करने की कोशिश है। कार्यक्रम का नाम भले ही ‘छात्रों की गूंज’ है, लेकिन वास्तव में यह राहुल गांधी की राजनीतिक लड़ाई है। उपाध्याय ने कहा कि राहुल गांधी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं तलाश पाए हैं। झूठे विमर्श गढ़ने के साथ ही आरोप-प्रत्यारोप लगाने और तरह-तरह के राजनीतिक प्रयोगों के बावजूद लोग राहुल गांधी पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं।
कांग्रेस ने किया पलटवार
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता सचिन सावंत ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि युवाओं, खासकर जेन-जी के बीच राहुल गांधी को मिल रहे समर्थन से सत्तारूढ़ पार्टी घबरा गई है। उन्होंने भाजपा पर पुणे में कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश करने का आरोप लगाया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के नेता रोहित पवार ने कहा कि अगर राहुल गांधी युवाओं और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कर रहे हैं तो भाजपा इससे क्यों डर रही है? उन्होंने भाजपा पर कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का भी आरोप लगाया।


