पंजाब में लूट-भ्रष्टाचार का गिरोह चला रहे मान : भाजपा
भाजपा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाया है कि वे राज्य में बिचौलियों के माध्यम से रिश्वत और भ्रष्टाचार का गिरोह चला रहे हैं। दावा किया गया है कि मान की पत्नी ने एक दुष्कर्म मामले को रफा-दफा करने के लिए पांच करोड़ रुपये की मांग की थी।

नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी पर राज्य में बिचौलियों के माध्यम से एक कथित लूट और भ्रष्टाचार गिरोह चलाने का आरोप लगाया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि इस गिरोह के जरिए पांच करोड़ रुपये तक की रिश्वत के बदले दुष्कर्म के मामलों को रफा-दफा किया जा रहा है। उन्होंने इसे ‘आप का लूट मॉडल’ करार दिया। ये आरोप राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) द्वारा उस शिकायत की जांच के आदेश की पृष्ठभूमि में आए हैं, जिसमें आरोप लगाया गया है कि मान की पत्नी गुरप्रीत कौर ने दुष्कर्म के एक मामले को रफा-दफा करने के लिए कथित तौर पर पांच करोड़ रुपये की मांग की थी।
एनएचआरसी ने 21 अगस्त को पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इन आरोपों की जांच करने तथा दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था।प्रदीप भंडारी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कथित बिचौलियों की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग जारी की और अन्य सबूतों का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि इसमें मुख्यमंत्री मान, उनकी पत्नी और अरविंद केजरीवाल शामिल हैं, जिन्हें उन्होंने पंजाब का ‘सुपर सीएम’ बताया। भंडारी ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान लूट और भ्रष्टाचार का एक नया गिरोह चला रहे हैं।


