कर्तव्य केस स्टडी में बीआईटी मेसरा की क्राफ्ट टीम विजेता
रांची में बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा के प्रबंधन अध्ययन विभाग ने 'आज समस्या, कल का समाधान' विषय पर 'कर्तव्य-26' केस स्टडी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में बीआईटी मेसरा की 'केस क्राफ्ट' टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। सभी टीमों ने पर्यावरणीय और सामाजिक चुनौतियों के समाधान हेतु नवाचार आधारित सुझाव दिए।

रांची, विशेष संवाददाता। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा के प्रबंधन अध्ययन विभाग ने संस्थान नवाचार परिषद के सहयोग से शनिवार को ‘आज समस्या, कल का समाधान’ विषय पर राष्ट्रीयस्तर की केस स्टडी प्रतियोगिता ‘कर्तव्य-26’ का आयोजन किया। ग्रैंड फिनाले में बीआईटी मेसरा, आईआईएम रांची, एक्सएलआरआई, एनआईटी राउरकेला, एक्सआईएसएस रांची सहित विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बीआईटी मेसरा की ‘केस क्राफ्ट’ टीम ने पहला स्थान हासिल किया। बीआईटी मेसरा की ‘जिंगी’, टीम दूसरे और एमिटी यूनिवर्सिटी की ‘डोमेक्स’ टीम तीसरे स्थान पर रही। --------------------------प्रतियोगिता का उद्देश्य पर्यावरणीय, सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के लिए नवाचार आधारित, वैज्ञानिक, तकनीकी और टिकाऊ समाधान विकसित करने के लिए विद्यार्थियों को मंच प्रदान करना था।
प्रतियोगिता तीन चरणों में हुई। इसमें ऑनलाइन प्रारंभिक प्रश्नोत्तरी, केस संक्षेप प्रस्तुति और अंतिम चरण में प्रत्यक्ष प्रस्तुति शामिल रही।निर्णायक मंडल में जैव अभियांत्रिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी, रसायन विज्ञान, यांत्रिक अभियांत्रिकी तथा मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग के विशेषज्ञ शामिल थे। कार्यक्रम समन्वयक डॉ आनंद प्रसाद सिन्हा ने टिकाऊ समाधानों के विकास में युवा नवाचार की भूमिका पर जोर दिया। समारोह में विजेता टीमों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

