बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में जिला 14वें स्थान पर,75 हजार लक्ष्य में 25 हजार किसानों का हुआ बीमा
बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में जिला 14वें स्थान पर,75 हजार लक्ष्य में 25 हजार किसानों का हुआ बीमा बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में जिला 14

गुमला प्रतिनिधि।जिले में खरीफ फसल को प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए संचालित बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति फिलहाल संतोषजनक नहीं है। योजना के तहत जिले को करीब 75 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है, लेकिन अब तक लगभग 25 हजार किसानों को ही योजना से जोड़ा जा सका है। लक्ष्य के मुकाबले करीब 50 हजार किसान अभी भी बाकी हैं। जिले की रैंकिंग इस योजना में 14वें स्थान पर है। खरीफ मौसम में जिले में धान और मक्का प्रमुख फसलें हैं। प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, सूखा या अन्य कारणों से फसल को नुकसान होने की स्थिति में बीमा किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बन सकता है।
इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान अभी योजना से बाहर हैं। जागरूकता के कमी के कारण अब भी बहुत से किसान फसल योजना का लाभ नहीं ले पाए है। जिला सहकारिता पदाधिकारी माधुरी बेग ने बताया कि शेष किसानों को योजना से जोड़ने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और गांवों में कैंप लगाकर अभियान चलाया जा रहा है। इन कैंपों के माध्यम से किसानों को योजना की जानकारी दी जा रही है और फसल बीमा कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिलाया जा सके। विभाग की ओर से किसानों के लिए 31 अगस्त तक एक रुपये में फसल बीमा कराने की सुविधा दी गई है। ऐसे में विभाग अब अभियान को तेज करने में जुटा है। प्रखंड से लेकर पंचायत और गांव स्तर तक किसानों से संपर्क कर उन्हें बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 31 अगस्त अंतिम तिथि होने के कारण विभाग ने किसानों से समय रहते योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

