देश के 12 राज्यों में बर्ड फ्लू ने पसारे पांव, राजस्थान में अब तक 6595 पक्षियों की मौत
देश के नौ राज्यों में पोल्ट्री उत्पाद में बर्ड फ्लू का प्रकोप पाया गया है, जबकि 12 राज्यों के कौओं, प्रवासी पक्षियों और जंगली पक्षी इस संक्रामक बीमारी से ग्रस्त पाए गए हैं। विभाग के अनुसार केरल,...

देश के नौ राज्यों में पोल्ट्री उत्पाद में बर्ड फ्लू का प्रकोप पाया गया है, जबकि 12 राज्यों के कौओं, प्रवासी पक्षियों और जंगली पक्षी इस संक्रामक बीमारी से ग्रस्त पाए गए हैं। विभाग के अनुसार केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, गुजरात, उत्तर प्रदेश और पंजाब के मुर्गे और मुर्गियों में इसका प्रकोप पाया गया। मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान,जम्मू-कश्मीर और पंजाब में कौओं, प्रवासी पक्षियों और जंगली पक्षियों में 23 जनवरी तक की गई जांच में बर्ड फ्लू का प्रकोप पाया गया।
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ, पंजाब, उत्तर प्रदेश, गुजरात और उत्तराखंड तथा केरल के सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में सफाई एवं विसंक्रमण का कार्य चल रहा है। एक कार्य योजना के तहत नुकसान उठाने वाले पॉल्ट्री उत्पाद से जुड़े किसानों को मुआवजा दिया गया है।
प्रिवेन्शन, कंट्रोल एंड कन्टेनमेंट ऑफ एवियन इन्फ्लूएंजा 2021 के तहत रिवाइज्ड एक्शन प्लान के आधार पर सभी राज्य बर्ड फ्लू के नियंत्रण के लिए दैनिक आधार पर अपनी रिपोर्ट विभाग को भेज रहे हैं। विभाग ट्विटर, फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बर्ड फ्लू के बारे में जागरुकता फैलाने के लगातार प्रयास कर रहा है।
राजस्थान में 145 और पक्षियों की मौत
इस बीच, राजस्थान में रविवार को 145 और पक्षियों की मौत हो जाने से राज्य में अब तक कुल 6,595 पक्षियों की मौत हो चुकी है। वहीं राज्य के 17 जिले बर्ड फ्लू के संक्रमण से प्रभावित हैं। पशुपालन विभाग के अनुसार 27 जिलों के 272 नमूनों में से 67 नमूनों की जांच में संक्रमण पाया गया है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को प्रदेश में 112 कौवे, पांच मोर, 11 कबूतर तथा 17 अन्य पक्षियों की मौत हो गई। इसमें कहा गया है कि राज्य में 25 दिसम्बर से अब तक 6,595 पक्षियों की मौत हो चुकी है जिनमें 4640 कौवे, 380 मोर, 553 कबूतर तथा 1022 अन्य पक्षी शामिल हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


