दस्तावेज बदलकर परीक्षा दे रहा अभ्यर्थी पकड़ा गया

हिन्दुस्तान, बरेली
Follow us on Google News
share

साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी टीईटी की परीक्षा में एक परीक्षार्थी मनोज कुमार पकड़ा गया, जिसके पास दो आधार कार्ड थे। उसकी असली पहचान आदेश कुमार सामने आई। आरोपी ने उम्र कम करने और नाम बदलकर हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

दस्तावेज बदलकर परीक्षा दे रहा अभ्यर्थी पकड़ा गया

साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित यूपी टीईटी की दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान बायोमैट्रिक सत्यापन में एक परीक्षार्थी पकड़ा गया, जिसके पास से दो आधार कार्ड मिले। केंद्र प्रशासन ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया आरोपी फर्रुखाबाद जिले के कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के दाउदपुर गांव का रहने वाला मनोज कुमार बताया गया। वह परीक्षा केंद्र पर मनोज कुमार के नाम से परीक्षा दे रहा था, लेकिन बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान उसका वास्तविक नाम आदेश कुमार सामने आ गया। इसके बाद परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया। केंद्र प्रभारी ने मामले की जानकारी परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी को दी। जानकारी पर पहुंचे नोडल अधिकारी ने सख्ती से पूछताछ कर तलाशी कराई तो आरोपी के पास से दो अलग-अलग नाम व उम्र के आधार कार्ड, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के दो-दो अंकपत्र समेत अन्य दस्तावेज की फोटोकॉपी मिली। वहीं केंद्र प्रभारी व विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गुड्डी पाल ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को तहरीर दी है।

पुलिस व सेना भर्ती में शामिल होने को उम्र घटाई, नाम बदलकर किया हाईस्कूल-इंटर

सख्ती से पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने बताया कि उसका वास्तविक नाम मनोज कुमार पुत्र मान सिंह निवासी फर्रुखाबाद है। उसकी वास्तविक उम्र 1988 है। सेना व पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए उसकी उम्र ज्यादा हो गई थी। इसलिए उसने आदेश कुमार व जन्म तिथि 10.08.1996 से दोबारा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट किया। इसी नाम से उसने अपना आधार कार्ड भी अपडेट करा लिया। इसके बाद वह पुलिस व सेना भर्ती की परीक्षा अधिक उम्र होने के कारण मनोज कुमार की जगह आदेश कुमार के नाम से देता था। जबकि टीईटी परीक्षा मनोज कुमार के नाम से दे रहा था। शुक्रवार को द्वितीय पाली की परीक्षा में जब बायोमैट्रिक की गई तो उसमें नाम आदेश कुमार व जन्मतिथि भी 1996 दिखी। जबकि प्रवेश पत्र में नाम मनोज कुमार था। आरोपी को पकड़कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया है। आरोपी के पास मौके से दोनों ही नाम से आधार कार्ड व पैन कार्ड भी मिले हैं।

आधार कार्ड में कई बार कराया अपडेशन

जांच के दौरान जब पकड़े गए आरोपी का आधार कार्ड की जांच कराई गई तो उसमें कई बार अपडेशन दिखा। पुलिस को दी गई तहरीर में किन-किन तारीखों में आधार अपडेशन किया गया उसका भी जिक्र किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह परीक्षा के मुताबिक अपना आधार कार्ड अपडेट कराता था।

साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज में बायोमैट्रिक के दौरान एक परीक्षार्थी दूसरे नाम से परीक्षा देते पकड़ा गया। चेकिंग के दौरान उस नाम से भी उसके पास आधार व पैनकार्ड मिला। सख्ती से पूछताछ पर उसने दो नाम से हाईस्कूल व इंटर करने के साथ ही आधार कार्ड में परिवर्तन की बात स्वीकारी। दो नाम व उम्र से एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकती है। इसलिए केंद्र व्यवस्थापक की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। - अविनाश त्रिपाठी, एडीएम सिटी व परीक्षा के नोडल अधिकारी

प्रश्न-उत्तर

परीक्षार्थी के पास कितने आधार कार्ड मिले?
परीक्षार्थी के पास दो आधार कार्ड मिले।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।