बिम्सटेक गृहमंत्रियों के सम्मेलन में जारी हुआ दिल्ली घोषणा पत्र

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

बिम्सटेक गृहमंत्रियों के सम्मेलन में जारी हुआ दिल्ली घोषणा पत्र-आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई का संकल्पनई दिल्ली। विशेष संवाददाता भारत सहित बंगाल की खाड़ी क्षेत्र के सात देशों ने सीमा पार आतंकवाद, आतंकी...

 बिम्सटेक गृहमंत्रियों के सम्मेलन में जारी हुआ दिल्ली घोषणा पत्र

बिम्सटेक गृहमंत्रियों के सम्मेलन में जारी हुआ दिल्ली घोषणा पत्र -आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई का संकल्प

नई दिल्ली। विशेष संवाददाता

भारत सहित बंगाल की खाड़ी क्षेत्र के सात देशों ने सीमा पार आतंकवाद, आतंकी वित्तपोषण और संगठित अपराध के खिलाफ क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने का संकल्प लिया है। मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित पहले बिम्सटेक गृहमंत्रियों के सम्मेलन का समापन दिल्ली घोषणा पत्र को अपनाने के साथ हुआ। इसमें आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की सभी गतिविधियों की कड़ी निंदा करते हुए इनके खिलाफ व्यापक और निरंतर कार्रवाई पर जोर दिया गया।

दिल्ली घोषणा पत्र में साझा संकल्प

दिल्ली घोषणा पत्र पर बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के गृहमंत्रियों ने सहमति जताई। इसमें भारत सहित आतंकवादी हमलों के पीड़ितों, उनके परिजनों और प्रभावित देशों की सरकारों के प्रति गहरी संवेदना और एकजुटता व्यक्त की गई। साथ ही, आतंकवादी घटनाओं के जिम्मेदार लोगों को संबंधित घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत न्याय के कटघरे में लाने का आह्वान किया गया।

घोषणा पत्र में सीमा पार आतंकवाद समेत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा करते हुए संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप इसके उन्मूलन का संकल्प दोहराया गया। इसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबंधात्मक उपायों, विशेष रूप से 1267 प्रतिबंध समिति से जुड़े प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।

आतंकी वित्तपोषण और कट्टरपंथ पर सहयोग

आतंकी फंडिंग और कट्टरपंथ पर सहयोग

बिम्सटेक देशों ने आतंकवाद के वित्तपोषण, कट्टरपंथ, हिंसक उग्रवाद और आतंकवादी भर्ती पर अंकुश लगाने के लिए सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता रेखांकित की। घोषणा पत्र में नई और उभरती तकनीकों के आतंकवादी गतिविधियों में दुरुपयोग को रोकने तथा धनशोधन के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मानकों को लागू करने पर भी बल दिया गया।

सदस्य देशों ने अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद, अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से मुकाबले संबंधी बिम्सटेक कन्वेंशन को पूरी तरह लागू करने की प्रतिबद्धता जताई। यह कन्वेंशन मार्च 2021 से प्रभावी है। इसके अलावा आपराधिक मामलों में पारस्परिक कानूनी सहायता से जुड़े कन्वेंशन के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रत्यर्पण और सजायाफ्ता कैदियों के हस्तांतरण से संबंधित समझौतों को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की गई।

मानव तस्करी और साइबर अपराध पर चिंता

मानव तस्करी और साइबर अपराध भी एजेंडे में

घोषणा पत्र में मानव तस्करी, नशीले पदार्थों की तस्करी, धनशोधन और साइबर अपराध जैसी साझा सुरक्षा चुनौतियों का उल्लेख किया गया। इसमें ऑनलाइन धोखाधड़ी और ठगी केंद्रों में मानव तस्करी के पीड़ितों का जबरन इस्तेमाल किए जाने पर चिंता जताई गई। ऐसे मामलों में पीड़ितों के अधिकारों का सम्मान करते हुए मूल, पारगमन और गंतव्य देशों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।

सदस्य देशों ने मानव तस्करी, मादक पदार्थों और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों तथा धनशोधन से निपटने के लिए तैयार कार्ययोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। आतंकवाद और अन्य अंतरराष्ट्रीय अपराधों से मुकाबले के लिए प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और सूचनाओं के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित किया गया।

भारत की पहल और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग

भारत की पहल को सराहा

घोषणा पत्र में बिम्सटेक गृहमंत्रियों की पहली बैठक आयोजित करने की भारत की पहल की सराहना की गई। इसे संगठन के भीतर सुरक्षा सहयोग के संस्थागत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। सदस्य देशों ने भविष्य में नियमित रूप से बैठकें आयोजित करने और क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी जताई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की ‘विश्वमित्र’ की भावना का उल्लेख करते हुए घोषणा पत्र में शांति, सह-अस्तित्व और मानव कल्याण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता की सराहना की गई। भारत सरकार के आतिथ्य और सम्मेलन की व्यवस्थाओं के लिए भी आभार व्यक्त किया गया।

बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा और विकास को परस्पर जुड़ा हुआ बताते हुए सदस्य देशों ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय अपराधों से निपटने के लिए साझा प्रयास क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦पहले बिम्सटेक गृहमंत्रियों के सम्मेलन का समापन किस घोषणा पत्र को अपनाने के साथ हुआ?−
सम्मेलन का समापन दिल्ली घोषणा पत्र को अपनाने के साथ हुआ।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबिम्सटेक गृहमंत्रियों के सम्मेलन में जारी हुआ दिल्ली घोषणा पत्र