लुटेरों की बाइक पकड़ी तो सुपरवाइजर को दूर तक घसीटा
कौशांबी थानाक्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक सुपरवाइजर से मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने बदमाशों की बाइक पकड़ी, जिससे वह काफी दूर तक घसीटे गए और घायल हो गए। 15 सितंबर की इस घटना की ऑनलाइन शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला दिल्ली ट्रांसफर किया जाएगा।

ट्रांस हिंडन, आयुष गंगवार। कौशांबी थानाक्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने साइकिल से जा रहे निजी कंपनी के सुपरवाइजर से मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने बदमाशों की बाइक पकड़ ली, जिसके बाद उसे काफी दूर तक घसीटा, जिससे पीड़ित गिरकर घायल हो गए। 15 सितंबर की घटना में गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। भोवापुर में रहने वाले मोहम्मद शाहिद पटपड़गंज की एक कंपनी में सुपरवाइजर हैं। वह साइकिल से 15 सितंबर की रात दस बजे घर लौट रहे थे। ईडीएम मॉल के पास गलत दिशा में आई बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया। उन्होंने तुरंत ही बाइक को पीछे से पकड़ लिया।
बदमाशों ने बाइक दौड़ा दी, जिसकी वजह से वह साइकिल से काफी दूर घिसटते चले गये और बाद में गिर गए। शाहिद ने बताया उन्हें गंभीर चोट आई हैं। पीड़ित ने ऑनलाइन शिकायत दी थी। इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि घटनास्थल दिल्ली क्षेत्र का है। पीड़ित की ओर से ऑनलाइन शिकायत मिली थी, जिसे दर्ज कर लिया है। मामले को दिल्ली ट्रांसफर कर दिया जाएगा।

