10-12 कॉलेजों के कर्मी सामूहिक अवकाश पर रह ठप करेंगे काम
मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी कुलसचिव को महासंघ ने अपनी मांगों

भागलपुर, वरीय संवाददाता। बिहार राज्य विवि एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के टीएमबीयू इकाई के वृहत परिषद की बैठक रविवार को टीएनबी कॉलेज में हुई। इसमें निर्णय लिया गया है कि उनकी पूर्व में विवि प्रशासन को आधा दर्जन से ज्यादा मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा गया है, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण कर्मचारी 10 सितंबर से 12 सितंबर तक अपनी मांगों के समर्थन में सामूहिक अवकाश पर रहते हुए कामकाज ठप करेंगे। साथ ही कॉलेज में झंडा बैनर के साथ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करेंगे। इसकी जानकारी महासंघ ने कुलसचिव डॉ. रामाशीष पूर्वे को दी है। बैठक की अध्यक्षता प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने की थी।
प्रक्षेत्रीय मंत्री सुशील मंडल ने बताया कि सभी कर्मी अपने-अपने कॉलेजों में रहकर प्रदर्शन करेंगे। उनकी मांगों में शिक्षकेतर कर्मियों की प्रोन्नति, बचे कॉलेजों के कर्मियों को एसीपी-एमएसीपी का लाभ, संविदाकर्मियों का सेवा विस्तार, अनुकंपा पर बहाली, राजकीय डिग्री कॉलेज भेजे गए शिक्षकेतर कर्मियों को वापस मूल स्थान पर करने की मांग है। संगठन की तरफ से बताया गया कि यदि उनकी मांगें सामूहिक अवकाश पर रहते हुए धरना प्रदर्शन से पूरी नहीं होती है तो वे लोग किसी भी समय अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी सारी जवाबदेही विवि प्रशासन की होगी।


