विवि शिक्षकों-कर्मियों को 20 जुलाई तक बकाया वेतन मिलेगा
बिहार लोक भवन ने सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देश दिए हैं कि वे शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों का वेतन, बकाया वेतन और सेवानिवृत्ति लाभ 20 जुलाई तक भुगतान करें। लोक भवन ने विलंब पर नाराजगी जताई है और मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

बिहार लोक भवन ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को निर्देश दिया है कि विवि और कॉलेज के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मियों व 30 जून, 2026 तक सेवानिवृत्त हुए शिक्षक-कर्मियों का वेतन, बकाया वेतन और सेवानिवृत्ति का लाभ 20 जुलाई तक भुगतान करें। इसकी रिपोर्ट 24 जुलाई तक राज्यपाल सचिवालय को उपलब्ध कराएं। लोक भवन ने कुलपतियों को कहा है कि शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के चालू एवं बकाया वेतन व सेवानिवृत्ति का लाभ मिशन मोड में करें। लोक भवन ने इसके लिए नाराजगी भी जतायी है कि आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद वेतन, बकाया वेतन व सेवानिवृत्ति लाभ की स्वीकृति एवं भुगतान में अनावश्यक विलंब हो रहा है।
इसे गंभीरता से लेते हुए इन मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। लोक भवन को विभिन्न स्रोतों से लगातार इसकी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। विवि प्रशासन की जानकारी से बाहर रह गए मामलों के निस्तारण के लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय मुख्यालय में 27 एवं 28 जुलाई को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां कुलसचिव, वित्तीय सलाहकार एवं वित्तीय पदाधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर सभी शिकायतों का पंजीकरण कर उनका समयबद्ध निष्पादन करेंगे। शिविरों में प्राप्त सभी शिकायतों का विशेष अभियान चलाकर 14 अगस्त तक निष्पादन किया जाएगा व इसकी रिपोर्ट 21 अगस्त तक राज्यपाल सचिवालय को उपलब्ध कराया जाएगा। जिन मामलों में भुगतान संभव नहीं हो सकेगा, उनके कारणों का स्पष्ट व विस्तृत उल्लेख करना अनिवार्य होगा। शिविर में उच्च शिक्षा विभाग के एक प्रतिनिधि भी रहेंगे, जो संबंधित विवि को वेतन, बकाया वेतन एवं सेवानिवृत्ति लाभ के लिए उपलब्ध कराए गए आवंटनों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएंगे।


