सीबीसीएस : आधा दर्जन कोर्स पढ़े बिना पूरी होगी स्नातक की पढ़ाई
या ये हेडिंग कागज पर आधा दर्जन कोर्स, बिना पढ़े ही स्नातक होंगे छात्र

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बिहार के विश्वविद्यालयों में वर्ष 2023 में स्नातक में शुरू हुए च्वाइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। छठे सेमेस्टर की परीक्षा जारी है। इधर, स्नातक सत्र 2023-27 में दाखिला लेने वाले राज्य के 10 लाख से अधिक छात्र करीब आधा दर्जन कोर्स की पढ़ाई किए बिना ही स्नातक हो जाएंगे। सीबीसीएस के तहत माइनर से लेकर एईसी, एसईसी और वीएसी जैसे कोर्स की पढ़ाई छात्रों ने नहीं की। इन विषयों के शिक्षक नहीं होने के कारण कक्षा में पढ़ाई नहीं हो सकी। इसके अलावा मल्टी डिसिप्लिनरी कोर्स के कई विषयों की पढ़ाई भी स्नातक के छात्रों ने नहीं की। बीआरएबीयू के अंगीभूत कॉलेजों के प्राचार्यों ने बताया कि कई विषयों के शिक्षक नहीं हैं, इसलिए उनकी पढ़ाई नहीं हो सकी। स्नातक के नए कोर्स में एबिलिटी एनहांसमेंट कोर्स, स्किल एनहांसमेंट कोर्स और वैल्यू एडेड कोर्स के तहत स्वच्छ भारत, गांधी दर्शन, पर्यावरण, कंप्यूटर जैसे कई कोर्स शुरू किए गए थे.
कॉलेजों में नहीं चला कौशल विकास कार्यक्रम
सीबीसीएस के तहत कॉलेजों में कौशल विकास के कार्यक्रम भी चलने थे, लेकिन वे भी नहीं चले। स्किल एनहांसमेंट कोर्स में छात्रों को कम्युनिकेशन, वीडियो एडिटिंग, एनिमेशन जैसी चीजें सिखाई जानी थीं, लेकिन कॉलेजों में इन कोर्सों की जगह पारंपरिक कोर्स ही चलाए गए। कई कॉलेजों ने बताया कि सीबीसीएस शुरू होने के समय ही कॉलेजों में विषयों के बास्केट तैयार कर दिए गए थे। सभी कॉलेजों में उन्हीं विषयों को रखा गया, जिनकी पढ़ाई वहां संभव थी.
कॉलेजों के बीच करार की भी पहल नहीं
सीबीसीएस के तहत कॉलेजों को आपस में करार करना था। इसके तहत जिस विषय की पढ़ाई जहां नहीं होती है, उस विषय को पढ़ने के लिए छात्रों को एमओयू वाले कॉलेज में भेजना था। यह एमओयू मल्टी डिसिप्लिनरी कोर्स के लिए था। मल्टी डिसिप्लिनरी कोर्स के तहत हिंदी का विद्यार्थी भूगोल या इतिहास की भी पढ़ाई कर सकता है। अगर किसी कॉलेज में इतिहास के शिक्षक नहीं हैं तो वहां के छात्रों को एमओयू वाले कॉलेज में भेजकर पढ़ाई करानी थी.
बिना शिक्षक कॉपियां भी होती रहीं जांच
स्नातक में जिन विषयों के शिक्षक नहीं हैं, उनकी कॉपियां भी जांच होती रहीं। विवि प्रशासन की दलील है कि संबंधित विषय के शिक्षकों से कॉपियों का मूल्यांकन कराया गया। मसलन, गांधी दर्शन की कॉपियों का मूल्यांकन राजनीति विज्ञान के शिक्षकों से कराया गया। पर्यावरण की कॉपियों का मूल्यांकन भूगोल के शिक्षकों से कराया गया.

