त्योहार में 150 अंतरराज्यीय बसों का परिचालन होगा
आने वाले त्योहारों को देखते हुए, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने अन्य राज्यों से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए लगभग 150 अंतरराज्यीय बसों का परिचालन करने का निर्णय लिया है। इनमें डीलक्स एसी और नॉन-एसी बसें होंगी। प्रमुख रूटों पर ये सेवाएं बहाल की जाएंगी, जिसमें आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

आने वाले महीनों में त्योहारों को देखते हुए परिवहन विभाग ने बड़ी संख्या में अंतरराज्यीय बसों का परिचालन करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम प्रवासी बिहारियों, छात्रों और यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य राज्यों से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए करीब 150 बसों का संचालन करेगा। निगम से मिली जानकारी के अनुसार इनमें डीलक्स एसी और नॉन एसी बसें शामिल हैं। ये मुख्य रूप से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। निगम के अनुसार, अबतक 73 नॉन-एसी और 3 एसी बसें पटना पहुंच गई हैं।
त्योहारी बसों को टाटा मोटर्स कंपनी से लगभग 100 करोड़ में खरीदा गया है। प्रत्येक बस में 50 यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक पुशबैक सीटें, सीसीटीवी कैमरे और मोबाइल चार्जिंग प्वाईंट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। एसी बसों को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख अंतरराज्यीय मार्गों पर चलाने की योजना है। बिहार से ये सेवाएं पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, गया और मधुबनी जैसे प्रमुख जिलों से शुरू होंगी।


