संसदीय समिति के 31 सांसद आज से बिहार दौरे पर : संजय झा
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति रविवार से बिहार दौरे पर आ रही है। समिति विभिन्न उच्चस्तरीय बैठकों में शामिल होगी और पर्यटन स्थलों का निरीक्षण करेगी। उनका उद्देश्य राज्य में संपर्कता और संस्कृति के विकास को बढ़ावा देना है।

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कहा है कि परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति का महत्वपूर्ण बिहार दौरा रविवार से होगा। शनिवार को एक्स पोस्ट पर उन्होंने लिखा कि मुझे बताते हुए खुशी है कि जिस संसदीय समिति की अध्यक्षता का दायित्व मेरे पास है, वह रविवार शाम पटना पहुंच रही है। समिति में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 31 सांसद शामिल हैं। समिति सोमवार को पटना में केंद्र और राज्य सरकार के वरीय अधिकारियों के साथ कई उच्चस्तरीय बैठकें करेगी। इस दौरान राज्य में एयरपोर्ट्स और एयर कनेक्टिविटी के विस्तार, राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और रखरखाव के साथ-साथ बिहार की समृद्ध कला-संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
समिति पटना स्थित बिहार संग्रहालय का भ्रमण भी करेगी।इसके बाद समिति मंगलवार को बोधगया में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में राज्य में पर्यटन की बुनियादी सुविधाओं की स्थिति और उनके विकास की योजनाओं की समीक्षा करेगी। इसके उपरांत बोधगया, राजगीर और नालंदा के ऐतिहासिक एवं विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर स्थल निरीक्षण करेगी। झा ने कहा कि मुझे विश्वास है कि संसदीय समिति का यह दौरा बिहार में सड़क एवं हवाई संपर्कता के साथ-साथ पर्यटन और कला-संस्कृति के विकास के प्रयासों को नई मजबूती और गति प्रदान करेगा।


