शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए डीईओ को सौंपा ज्ञापन
बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ बेगूसराय के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए डीईओ को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मुख्य रूप से एरियर का भुगतान, ई शिक्षा कोष पर छुट्टी का विकल्प जोड़ने और योग्यता विस्तार पर त्वरित कार्रवाई की मांग की। डीपीओ ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। शिक्षकों से संबंधित विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ बेगूसराय के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को डीईओ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन के जिला अध्यक्ष तुषार कांत, जिला महासचिव मनखुश कुमार, जिला उपाध्यक्ष अनामिका भारती, जिला संयोजक विकास कुमार चौधरी, जिला सचिव नवीन कुमार सहित संगठन के शिक्षक देवेन्द्र कुमार, गौरव पाठक एवं आनंद कुमार मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने डीपीओ (स्थापना) से भी भेंट की तथा शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बातचीत के दौरान मुख्य रूप से शिक्षकों के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान, ई शिक्षा कोष पोर्टल पर क्षतिपूर्ति अवकाश का विकल्प जोड़ने, लंबित योग्यता विस्तार के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सहित शिक्षकों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा गया।
डीपीओ ने सभी विषयों पर सकारात्मक एवं सहयोगात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समस्याओं के शीघ्र निपटारे का भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।


