डीईओ कार्यालय के जिला मुख्यालय में बने रहने के लिए सौंपा मांगपत्र
फोटो नंबर: 19, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार के सुभाष चौक स्थित उनके आवास पर उन्हें मांगपत्र सौंपते बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के नेता रामकल्याण पासवान, साकेत सुमन व अन्य।

बेगूसराय, हमारे प्रतिनिधि। बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के मुहिम-2 के तहत मंगलवार को तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार के सुभाष चौक स्थित उनके आवास पर उनसे संघ का प्रतिनिधि मंडल मिला। डीईओ कार्यालय जिला मुख्यालय में ही रहे, इसकी मांग की। संघ के प्रधान सचिव राम कल्याण पासवान ने कहा कि जिला मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर शाहपुर नहीं ले जाया जाए। शाहपुर गांव में बने नए शिक्षा भवन का उपयोग शिक्षा विभाग के अन्य किसी कार्यों के लिए उपयोग किया जाए। विधायक ने कहा कि वे अपने स्तर से पहल करेंगे। जल्द ही शिक्षा मंत्री को एक प्रस्ताव अपने स्तर से भेजकर इस सिलसिले में मांग करेंगे।
मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष साकेत सुमन, जिला सचिव दिलीप झा, राज्य प्रतिनिधि मनोरंजन कुमार, उपाध्यक्ष रंजीत कुंवर, चेरियाबरियारपुर प्रखंड अध्यक्ष डॉ. मोहन कुमार, जिला प्रतिनिधि रामप्रवेश आदि थे।


