टीआरई-3 के छूटे अभ्यर्थियों का 26 जुलाई को होगा वेरिफिकेशन
बिहार लोक सेवा आयोग की टीआरई-3 शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में छुटे अनुशंसित अभ्यर्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने वेरिफिकेशन और काउंसिलिंग का नया आदेश जारी किया है। यह प्रक्रिया 26 जुलाई को संबंधित जिलों में होगी। अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 9 से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहना होगा।

मधुबनी, निज संवाददाता। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की टीआरई-3 शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े छुटे अनुशंसित अभ्यर्थियों के वेरिफिकेशन एवं काउंसिलिंग को लेकर शिक्षा विभाग ने नया आदेश जारी किया है। विभाग के निर्देश के अनुसार 26 जुलाई को संबंधित आवंटित जिलों में इन अभ्यर्थियों का वेरिफिकेशन एवं काउंसिलिंग कराया जाएगा। इसके लिए सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया है। डीईओ अक्षय कुमार पांडेय ने बताया कि शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार अभ्यर्थियों को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित केंद्रों पर उपस्थित रहना होगा। वेरिफिकेशन के दौरान बीपीएससी का प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रति, टीईटी प्रमाणपत्र, आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र तथा पासपोर्ट आकार के फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
साथ ही अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन एवं फोटोग्राफी भी कराई जाएगी। डीईओ अक्षय कुमार पांडेय ने बताया कि शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप जिले में सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।


