बंगाल में सोना लूट का आरोपी बिदुपुर से गिरफ्तार
बिहार एसटीएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष टीम ने शमशेरगंज सेनको ज्वेलर्स लूटकांड में वांछित विनय कुमार को बिदुपुर से गिरफ्तार किया। 14 मई को मुर्शिदाबाद में हथियार के बल पर 5 किलो सोने के आभूषण और तीन लाख रुपये की लूट हुई थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

बिहार एसटीएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई में शमशेरगंज सेनको ज्वेलर्स लूटकांड के वांछित आरोपी विनय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र से छापेमारी कर पकड़ा गया। बिहार पुलिस मुख्यालय (विशेष कार्य बल) द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दिया जानकारी दी गई। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बीते बुधवार को बिहार एसटीएफ की विशेष टीम एवं पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शमशेरगंज (मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल) थाना कांड संख्या 342/26 आर्म्स एक्ट में वांछित अभियुक्त विनय कुमार पिता मुन्नी भगत ग्राम मथुरा,थाना बिदुपुर,वैशाली को गिरफ्तार किया गया।
गौरतलब है कि बीते 14 मई को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज थाना अंतर्गत सेनको ज्वेलर्स में कुछ अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा हथियार के बल पर करीब 05 किलोग्राम स्वर्ण आभूषण एवं तीन लाख रुपये की लूट की गई थी। इस संबंध में शमशेरगंज (मुर्शिदाबाद) थाना कांड संख्या 342/26 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त विनय कुमार उक्त लूटकांड में शामिल था। बिहार एसटीएफ और बंगाल पुलिस की टीम फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। घनश्याम कुमार


