एसटीईटी 2026 : ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि 15 तक बढ़ी
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि 15 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। पहले यह तिथि 31 अगस्त थी। परीक्षा में 150 प्रश्न होंगे, जिसमें 100 प्रश्न विषय-आधारित और 50 प्रश्न शिक्षण कला से संबंधित होंगे।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित होने वाली माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने एवं शुल्क जमा करने की तिथि 15 सितंबर तक विस्तारित की गई है। बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने इसकी जानकारी दी। ऑनलाइन आवेदन एवं शुल्क जमा करने की तिथि पूर्व में 31 अगस्त तक निर्धारित की गई थी, जिसका अवधि विस्तार शनिवार को किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी अब 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की वेबसाइट https://stetregistration.cbrt.co.in पर लिंक उपलब्ध है। हालांकि बोर्ड की ओर से परीक्षा की तिथि की घोषणा अभी बाकी है। समिति के अनुसार इस परीक्षा में उतीर्ण अभ्यर्थियों को लाइफटाइम वैधता का प्रमाण पत्र मिलेगा। इससे उन्हें आगामी बीपीएससी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने का सीधा मौका मिलेगा。
परीक्षा में 150 प्रश्न पूछे जाएंगे :
बिहार एसटीईटी 2026 परीक्षा में कुल 150 प्रश्न होंगे। इनमें से 100 प्रश्न विषय-आधारित होंगे, जबकि शेष 50 प्रश्न शिक्षण कला और अन्य दक्षता से संबंधित होंगे। परीक्षा की कुल अवधि ढाई घंटे की होगी। यह परीक्षा दो हिस्सों में होगी। पेपर-1 माध्यमिक कक्षाओं के लिए और पेपर-2 उच्च माध्यमिक कक्षाओं के लिए होगी। पेपर-1 के लिए 16 व पेपर-2 के लिए 29 विषयों की परीक्षा होगी। परीक्षा में गलत जवाबों के लिए नकारात्मक मार्किंग नहीं की गई है।


